अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने के बाद महिला की मौत
परिजनों का इलाज में लापरवाही का आरोप
इंदौर। बिचौली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने और बाद में उपचार के दौरान मौत होने का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के पति और परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
बीती रात परिजन महिला को अचेत अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दूधिया निवासी 31 वर्षीय पूजा पति रितिक को पेट दर्द की शिकायत के बाद परिजनों ने बिचौली इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
परिजनों के मुताबिक, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पथरी होना बताया और ऑपरेशन करने की सलाह दी। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में सुधार होने के बजाय अचानक तबीयत और बिगड़ने लगी। हालत में सुधार न होता देख 26 जुलाई को परिजन उसे जूनी इंदौर क्षेत्र के दूसरे अस्पताल ले गए, जहां गंभीर स्थिति बनी रही।
बीती रात जब महिला की हालत अत्यधिक नाजुक हो गई, तो परिजन उसे लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति रितिक ने बिचौली स्थित अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने और गलत इलाज का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों के बयानों और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
