सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भारतीय टेस्ट टीम में इंदौर के सारांश का चयन

इंदौर। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। सीरीज से पहले, टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिनों का एक प्रैक्टिस मैच खेलेगी। बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में पहली बार मध्य प्रदेश के 33 वर्षीय स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को शामिल किया है।

वॉशिंगटन सुंदर के पहले टेस्ट से बाहर होने के बाद उन्हें मौका मिला। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले सारांश ने हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की ओर से दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता।

11 साल की मेहनत के बाद मिला टीम इंडिया का टिकट— सारांश जैन ने

2014 के आखिर में मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब से वह घरेलू क्रिकेट में टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और बाएं हाथ के उपयोगी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने कई बार अपनी टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, त्रषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मो. सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन शामिल हैं। भारतीय टेस्ट स्क्वाड के ऐलान के साथ ही कुछ अहम खिलाड़ियों की स्थिति को लेकर भी अपडेट जारी किया गया है. साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता बीसीसीआई सीओई से मिलने वाले फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।