सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

अफसरों की अनदेखी से ब्रिज के नीचे पार्किंग

इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब तीन साल पहले खजाराना ओर फूटी कोठी चौराहे पर बनाएं करोड़ों की लागत वाले फ्लाई ओवर के नीचे जहां आमजन की सुविधा के लिए विकास कार्य कर लोगों के लिए सौगात देने की प्लानिंग की गई थी। वहां अब दिनभर गाड़ियों की अवैध पार्किंग की जा रही है। वहीं निगम और आईडीए के जिम्मेदार अफसरों की अनदेखी का शिकार हो रहे है।

लंबे समय से खजराना फ्लाई ओवर के नीचे खाली पड़ी बोगदे की जगह जो मेट्रो के लिए खाली छोड़ी थी। जिसके लिए बोगदे की जगह पर पतरों से आड़ की गई थी। अब यहां आसपास के लोगों द्वारा गाड़ी खड़ी कर पार्किंग बना ली गई है। जबकि आईडीए द्वारा ब्रिज के नीचे सौंदर्यकरण और विकास के कार्य कर क्षेत्र की आम जनता को सौगात देने की तैयारी थी।

यही नहीं फूटी कोठी और खजराना के लिए अफसरों द्वारा पूरी प्लानिंग बनाकर ब्रिज के नीचे के हिस्से को संवारकर यहां जन उपयोग के लिए खेल मैदान से लेकर अन्य प्रस्तावित विकास कार्य करने की तैयारी थी। लेकिन दो साल बाद भी अभी तक कोई काम शुरू नहीं हो पाया। उल्टा खाली जगह पर आसपास के गैरेज और सर्विस सेंटर वालों ने कब्जे कर अवैध पार्किंग का अड्डा बना लिया है, जहां सुबह से लेकर रात तक कई फोर व्हीलर गाडियां आराम से खड़ी रहती है।