सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भिचौली हप्सी की सरकारी जमीन पर निगम बनाएगा इमारतें प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रोजेक्ट को दिया जाएगा आकार

नगर निगम के द्वारा भिचौली हप्सी की सरकारी जमीन पर इमारत का निर्माण किया जाएगा। निगम की ओर से यहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत इमारत का निर्माण किया जाएगा।

नगर निगम के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की इमारत का निर्माण करने के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्र में सरकारी जमीन ढूंढने का काम किया जा रहा है। जिन स्थानों पर जमीन मिल जाती है और उसमें कोई कानूनी समस्या भी नहीं होती है तो उन स्थान की जमीन को प्राप्त करने के लिए नगर निगम के द्वारा जिला प्रशासन को आवेदन देकर कोशिश भी शुरू कर दी जाती है। नगर निगम के द्वारा दिए गए आवेदन कई बार जिला प्रशासन की नियम की परिधि में आ जाते हैं और लटक जाते हैं।

ऐसी स्थिति में नगर निगम आयुक्त के द्वारा ऐसे आवेदन पर तत्काल फैसला करवाने की कोशिश की जाती है। अब जिला प्रशासन के द्वारा इंदौर नगर निगम को भिचौली हप्सी की 9 अलग-अलग खसरा नंबर की जमीन के आवंटन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। इस क्षेत्र के नायब तहसीलदार के द्वारा इस पहल की घोषणा आधिकारिक तौर पर कर दी गई है।

उनके द्वारा की गई घोषणा के अनुसार नगर निगम को भिचौली हप्सी तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव केलोद करताल में सर्वे नंबर 271 में 5.473 हेक्टेयर, सर्वे नंबर 291 में 1.355 हेक्टेयर, सर्वे नंबर 309 में 4.030, सर्वे नंबर 303 में 0.607, सर्वे नंबर 321 में 1.749, सर्वे नंबर 859/1 में 1.272, सर्वे नंबर 859/2/1 में 1.929 हेक्टेयर, सर्वे नंबर 859/3 में 1.214 हेक्टेयर तथा सर्वे नंबर 859/4 में 0.829 हेक्टेयर जमीन का आवंटन करने की पहल की गई है।

इस जमीन के आवंटन में यदि किसी भी व्यक्ति को आपत्ति हो तो उनसे अपनी आपत्ति 5 अगस्त तक बुलवाई गई है।