सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

दूरस्थ मजरे, फलिए के 17 हजार घर रोशन हुए

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान ( डीए जुगा) में गांवों की मूल बसाहट से अत्यंत दूर स्थित मजरे, टोले, फलिए के घरों को रोशन करने का अभियान संचालित किया जा रहा है। आठ माह के दौरान करीब 17000 दूरस्थ घरों को रोशन किया गया है। यह शासन की हर व्यक्ति, हर परिवार तक बिजली पहुंचाने की प्रतिबद्धता एवं बिजली कार्मिकों के कठिन परिश्रम को दर्शाता है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि बड़वानी जिले में करीब पांच हजार, खरगोन जिले में करीब ढाई हजार, झाबुआ में 2100, आलीराजपुर में 1600, धार में 1600 देवास जिले के कन्नौद, बागली के दूरस्थ क्षेत्र में 1100, रतलाम के बाजना, रावटी, सैलाना के वनवासी दूरस्थ क्षेत्रं में 1000, बुरहानपुर में 700, इंदौर जिले के महू क्षेत्र के दूरस्थ वनवासी इलाकों के 30 से ज्यादा घरों को रोशन किया गया हैं।